Politics
मुख्यमंत्री की झूठी घोषणाओं पर अब कोई विश्वास नहीं करता, पिछले वादों का हिसाब दें : जयराम ठाकुर*
बिना सोचे-समझे लिए गए फैसले अंततः वापस लेने पड़ते हैं*
S
Shilpa
2026-04-15
*मुख्यमंत्री की झूठी घोषणाओं पर अब कोई विश्वास नहीं करता, पिछले वादों का हिसाब दें : जयराम ठाकुर*
*बिना सोचे-समझे लिए गए फैसले अंततः वापस लेने पड़ते हैं*
शिमला: शिमला में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की बातों पर अब किसी को भरोसा नहीं रहा है। उन्होंने आज तक जितनी घोषणाएं कीं और जितने वादे किए, उन्हें पूरा नहीं किया। वह केवल समय काट रहे हैं, इसलिए दूर-दराज के कम आबादी वाले क्षेत्रों को खोज-खोजकर कोरी घोषणाएं कर रहे हैं। लाहौल, पांगी, डोडरा-क्वार और अब किन्नौर में भी घोषणाएं कर दी गई हैं। जब गारंटियां पूरे प्रदेश को दी थीं, तो घोषणाओं में गिने-चुने क्षेत्रों के नाम ही क्यों शामिल किए जा रहे हैं? जो चुनावी गारंटियां दी गईं, वे न तो पूरी हुई हैं और न ही सरकार उन्हें पूरा करेगी।
प्रथम और द्वितीय श्रेणी के कर्मचारियों की वेतन कटौती के फैसले को वापस लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम पहले दिन से कह रहे थे कि यह फैसला न तो सही है और न ही कानून सम्मत है। बागी विधायकों की पेंशन वापस लेने का फैसला भी सही नहीं था। हमारे मना करने के बावजूद यह कानून पारित किया गया, जिसे हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया। आखिर इस पूरे प्रकरण में बदनामी किसकी हुई? गरिमा किसकी गिरी? माननीय सदन और सरकार की। लेकिन सरकार को इन बातों की कोई परवाह नहीं है। जो मन में आता है, वही किया जा रहा है, चाहे परिणाम कुछ भी हों।
उन्होंने कहा कि चुनावों में भी इसी तरह मनमानी की जा रही है और अदालत से फटकार मिल रही है। बिना सोचे-समझे, बिना नियम-कानून के फैसले लिए जा रहे हैं, जिससे हर दिन सरकार की किरकिरी हो रही है। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर पूरी व्यवस्था का मजाक बना दिया गया है।
पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकाघाट में बिटिया के हत्याकांड पर सरकार ने संवेदनहीनता दिखाई है और अब मुख्यमंत्री व उनकी टीम चाहती है कि विपक्ष इस पर आवाज भी न उठाए। हमें क्या बोलना है और क्या नहीं, यह मुख्यमंत्री तय नहीं कर सकते। उन्हें अपना काम करना चाहिए। प्रदेश में माफिया बेखौफ घूम रहा है, दिनदहाड़े गोलियां चल रही हैं, बेटियों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है, और सरकार हमें ही ज्ञान दे रही है।
Related Stories
दयाल प्यारी की दूरी चर्चा में, विधानसभा अध्यक्ष ने किया जिला स्तरीय बैशाखी मेला राजगढ़ का समापन नाहन/ अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा कुलदीप सिंह पठानिया ने राजगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैशाखी मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि राजगढ़ का जिला स्तरीय बैशाखी मेला क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल महाराज के नाम पर आयोजित किया जाता है तथा धार्मिक, सामाजिक और व्यापारिक दृष्टि से यह मेला क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है, राजगढ़ क्षेत्र की वादियां बहुत दर्शनीय है । हम सौभाग्यशाली है कि हमें अपने देवी -देवताओं के चरणों में वास करने को मौका मिला है। हमारे प्रदेश की संस्कृति भारत के साथ-साथ पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि इस मेले को राज्यस्तरीय मेले का दर्जा प्रदान करने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की भावना सुदृढ़ होती है तथा किसी भी सुदृढ़ समाज की नींव उसकी समृद्ध संस्कृति पर ही निर्भर करती है। मेलों व त्यौहारों के माध्यम से जहां हमें अपने रीति-रिवाजों व परम्पराओं को संजोए रखने का मौका मिलता है, वहीं भावी पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति को देखने व जानने के अवसर प्राप्त होते हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने मेला कमेटी को एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने जिला स्तरीय बैशाखी मेले की स्मृतियों को संजोये रखने के लिए आयोजन समिति द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन भी किया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने अपने विचार रखे तथा मुख्य अतिथि का इस मेले में पधारने पर आभार व्यक्त किया। जी आर मुसाफिर ने मुख्यअतिथि अध्यक्ष विधानसभा कुलदीप सिंह पठानिया को शॉल-टोपी तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया । इस मौके पर पूर्व विधान सभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर , पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एल आर वर्मा, निदेशक राज्य सहकारी बैंक भारत भुषण मोहिल को अध्यक्ष बैशाखी मेला कमेटी एवम् एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने शाॅल -टोपी भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर पंचायत राजगढ़ की निवर्तमान अध्यक्ष ज्योति साहनी, पार्षद सुमन चौहान, परीक्षा चौहान, डीएसपी विद्या चंद नेगी, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।