Local
सरकाघाट छात्रा हत्याकांडः बाइक पर सवार 2 लोग कौन थे, सिया के हत्यारे की पहचान में सबसे अहम सुराग
सनसनी sarkaghat में
S
Shilpa
2026-04-14
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट के गोपालपुर में कॉलेज छात्रा की हत्या के बाद गमगीन माहौल में मंगलवार को सिया गुलेरिया का अंतिम संस्कार कर दिया गया. आरोपी विकाय पटियाल को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा. आरोपी की गिरफ्तारी के पीछे एक बड़ी वजह सामने आई है.
मंडी जिले के सरकाघाट में कॉलेज छात्रा के मर्डर केस में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.
दरअसल, इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और एक नाले में छिप गया था. शुरुआती जानकारी में सामने आया कि दो बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया है. हालांकि, पुलिस की जांच में सारी बात साफ हो गई. अहम बात है कि इस हत्याकांड के आरोपी की गिरफ्तारी में सीसीटीवी फुटेज अहम कड़ी बनी. जहां पर यह घटना हुई, वहां सामने एक कैमरा लगा था. कैमरे में आरोपी की आवाजाही कैप्चर हुई.
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी चेहरे को ढके हुए नजर आया और जब वह मौके से गुजर रहा था तो एक बाइक भी वहां से निकली. इस बाइक पर दंपति सवार था. जब दंपति से पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी युवक वहां से गुजरा था. हालांकि, सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान हुई और वहां से लोगों को भी इनपुट मिला और फिर टोलियों में लोगों ने आरोपी की तलाश की और एक नाले के पास से उसे अरेस्ट किया, मौके पर पहुंचे रिटायर सब-इंस्पेक्टर नंद लाल ने बताया कि उनकी बेटी औऱ सिया एक साथ कॉलेज जाते थे और बेटी का ही फोन उन्हें आया कि उसकी सहेली का मर्डर कर दिया गया. वह मौके पर पहुंचे और फिर उन्होंने पास से ही एक कपड़ा लिया और बेटी की लाश पर ओढ़ाया. नंद लाल कहते हैं कि इस दौरान कई ग्रामीणों की टीमें आरोपी की तलाश में निकली. उन्होंने बताया कि डोल गांव के रोपा से फोन आया कि आरोपी यहां पर पकड़ा गया और एसएचओ को साथ लेकर गए. नंद लाल कहते हैं कि यहां पर चिट्टे का बोलबाला है और शराब ठेकेदार सप्लाई ला कर बेच रहे हैं.
पुलिस के पुख्ता सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड की अब तक कोई वजह सामने नहीं आई है. पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी सिया को नहीं जानता था और ना ही सिया से उसकी कोई जान पहचान या दोस्ती थी. आरोपी ने हाल ही में एक स्कूल में भी हुड़दंग मचाया था और स्कूल में घुस गया था. वह नशेड़ी किस्म का शख्स है. बताया जा रहा है कि आरोपी आईआईटी पास है और बद्दी में भी नौकरी कर चुका है. हालांकि, अब गांव में ऐसे ही घूमता रहता था. ऐसे में अब माना जा रहा है कि आरोपी ने अपने सनकीपन में ही छात्रा को मौत के घाट उतार दिया. हालांकि, अब भी पुलिस मामले की पूरी जांच पड़ताल कर रही है और पता लगाने में जुटी है कि मर्डर के पीछे का क्या मकसद है.
तीन बहनें और पिता ट्रक ड्राइवर
सिया समेत परिवार की तीन बेटियां हैं. बड़ी बेटी बद्दी में नौकरी करती है और छोटी बेटी ने 12वीं के एग्जाम दिए हैं. सिय़ा सरकाघाट कॉलेज में वोकेशनल कोर्स की पढ़ाई कर रही थी. वह रोजाना बस से ही कॉलेज जाती थी.